सुशांत सिंह राजपूत मौत मामले से जुड़े ड्रग्स केस में आज लगातार तीसरे दिन लंबी पूछताछ के बाद एनसीबी ने अभिनेत्री रिया चक्रवर्ती को गिरफ्तार कर लिया है. कुछ देर में आधिकारिक एलान किया जाएगा. अब रिया चक्रवर्ती को मेडिकल टेस्ट के लिए लाया जाएगा. इसके बाद रिया को अदालत में वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के जरिए पेश किया जाएगा. जहां एनसीबी उनके रिमांड की मांग करेगी.
एनसीबी ने रिया से रविवार को छह घंटे और सोमवार को आठ घंटे तक पूछताछ की थी. इस दौरान एनसीबी ने उनके छोटे भाई शौविक चक्रवर्ती , राजपूत के हाउस मैनेजर सैमुअल मिरांडा और राजपूत के निजी स्टाफ सदस्य दीपेश सावंत से आमना-सामना कराया.
एनसीबी ने अब तक इस मामले में अब तक नौ लोगों को गिरफ्तार किया है. इनमें से सात इस जांच से सीधे तौर पर जुड़े हुए हैं जबकि दो को उसने एनडीपीएस कानून की धाराओं के तहत जांच शुरू होने के बाद गिरफ्तार किया. अभिनेता सुशांत सिंह राजपूत 14 जून को उनके बांद्रा स्थित अपार्टमेंट में मृत मिले थे.







