हरदोई : सब्जियों के भाव को नियंत्रित करने को लेकर जिला प्रशासन ने फल व सब्जी मंडी गेट पर उपभोक्ता सहायता केंद्र की शुरुआत की गई है। इस केंद्र पर तीस रुपये प्रति किलो आलू व इतने ही रुपये प्रति किलो प्याज व 40 रुपये प्रति किलो टमाटर की बिक्री की जाएगी। आलू व प्याज की बिक्री शुरू हो गई है, लेकिन टमाटर की बिक्री मंगलवार से शुरू होगी। ग्राहक अधिकतम दो-दो किलो आलू, प्याज व अधिकतम डेढ़ किलो तक टमाटर खरीद सकते हैं।
सब्जी मंडियों में आलू का भाव 40 से 45 रुपये प्रति किलो तक पहुंच गया है, जबकि प्याज 60 रुपये प्रति किलो तक बिक रहा है। यही हाल टमाटर का भी है। टमाटर का भाव 55 से 60 रुपये तक पहुंच गया है। जिला प्रशासन के निर्देश पर महंगाई को नियंत्रित करने को लेकर लखनऊ रोड स्थित फल-सब्जी मंडी के मुख्य गेट पर उपभोक्ता सहायता केंद्र की शुरुआत की गई हैं। मंडी सचिव बबलू लाल ने बताया कि सुबह नौ बजे से शाम पांच बजे तक सब्जी की बिक्री की जा रही है। केंद्र पर प्रकाश तिवारी व संतोष मिश्रा की ड्यूटी लगाई गई है।







