Weather: प्रदेश के कई हिस्सों में रविवार को लगातार दूसरे दिन आंधी, तेज बारिश और ओलावृष्टि ने जनजीवन अस्त-व्यस्त कर दिया। बुंदेलखंड और मध्य यूपी के कई जिलों में तेज हवाओं के साथ बारिश हुई, जबकि कानपुर, बांदा, जालौन, इटावा, औरैया, फर्रुखाबाद और हरदोई में ओले भी गिरे। झांसी, ललितपुर, अलीगढ़, बुलंदशहर और मथुरा में भी बारिश दर्ज की गई। इटावा में सर्वाधिक 30 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई।
इस दौरान अलग-अलग हादसों में अवध क्षेत्र के चार लोगों समेत कुल 12 लोगों की मौत हो गई। शनिवार देर शाम आई आंधी-बारिश में सीतापुर और रायबरेली में दो-दो लोगों की जान चली गई। बिजली गिरने से झांसी में एक किसान और अलीगढ़ में एक किशोरी की मौत हो गई।
कानपुर में आंधी-बारिश के दौरान हुए हादसों में दो महिलाओं और एक बुजुर्ग की जान गई। जालौन में पेड़ गिरने से एक वृद्ध, जबकि फतेहपुर और इटावा में दीवार ढहने से एक किसान और एक महिला की मौत हो गई।
- यह भी पढ़ें –
- रोहित शर्मा का जीवन परिचय
किसानों पर दोहरी मार, फसलें चौपट
आंधी, बारिश और ओलावृष्टि ने किसानों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं। गेहूं, सरसों, मूंगफली, खरबूजा, तरबूज और सब्जियों की फसलों को भारी नुकसान पहुंचा है। कन्नौज में गेहूं और आलू की फसल प्रभावित हुई, जबकि प्रयागराज में ओलावृष्टि से पकी हुई गेहूं की फसल बर्बाद हो गई। बुलंदशहर में भी ओलों के कारण फसलों को नुकसान हुआ है।
तापमान में गिरावट, फिर बदलेगा मौसम का मिजाज
लगातार हो रही बारिश के चलते प्रदेश के तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस की गिरावट दर्ज की गई है। हालांकि सोमवार को मौसम साफ रहने के आसार हैं, लेकिन 7 और 8 अप्रैल को फिर से आंधी-तूफान और गरज-चमक के साथ बारिश की संभावना जताई गई है।
मौसम विभाग के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बने चक्रवाती परिसंचरण का असर रविवार को भी प्रदेश के पश्चिमी और मध्य भागों में देखने को मिला। इसके कमजोर पड़ने के बाद 6 अप्रैल को मौसम में आंशिक सुधार होगा, लेकिन 7 अप्रैल से नए पश्चिमी विक्षोभ का असर शुरू होगा, जो 8 अप्रैल तक पूरे प्रदेश को प्रभावित करेगा।
आंचलिक मौसम विज्ञान विभाग के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के अनुसार, 9 अप्रैल से इस सिस्टम के कमजोर पड़ने के साथ तापमान में 3 से 5 डिग्री तक की गिरावट आ सकती है। वहीं 10 अप्रैल से मौसम के शुष्क होने की संभावना जताई गई है। मौसम विज्ञानी मो. दानिश ने भी बताया कि हालिया बारिश के कारण तापमान में गिरावट महसूस की गई है और कई इलाकों में हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई।
- यह भी पढ़ें –
- Hardoi News: पिहानी में चोरी का खुलासा
- Hardoi News: पुलिस मुठभेड़ में 3 बदमाश गिरफ्तार
- Hardoi News: हरदोई में न्यायिक व्यवस्था में बड़ा फेरबदल







