हरदोई। अतरौली थाना क्षेत्र के ग्राम ढिकुन्नी में एक ज्वैलरी शॉप में जेवर देखने के बहाने दो युवकों ने 145 ग्राम सोने के जेवर पार कर दिए। टप्पेबाजी में गए जेवरात की कीमत छह लाख रुपये के करीब बनाई जा रही है। वारदात ज्वैलरी शॉप में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। दुकान मालिक ने घटना की जानकारी अतरौली पुलिस को दी है। पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
ग्राम ढिकुन्नी निवासी सुरेश कुमार मौर्य की ज्वैलरी शॉप गांव के ही बाजार में हैं। शॉप के पीछे ही उनका मकान भी है। सुरेश के मुताबिक बीती 15 फरवरी को दिन में लगभग 11 बजे उनकी दुकान पर दो लोग आए। दोनों ने चांदी का चंद्रमा और हाय देखने के बाद यही दोनों चीजें सोने में दिखाने को कहा।
इस पर वह दुकान में नीचे की रैक में रखे स्वर्ण आभूषण के पैकेटों में चंद्रमा और हाय देखने लगा। इसी दौरान दोनों युवकों ने तीन पैकेट निकाल लिए और नोटों की गड्डी के बीच छिपाकर जेब में रख लिए। सुरेश का कहना है कि 50 ग्राम सोने की अंगूठी, 46 ग्राम सोने का सुई-धागा और 49 ग्राम के कान के झाले तीन पैकेटों में थे। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में भी कैद हो गई।
थानाध्यक्ष अतरौली अशोक यादव ने बताया कि घटना संज्ञान में है। टप्पेबाजी का मामला है और फुटेज के जरिए आरोपियों की धरपकड़ की कोशिश की जा रही है।







