HomeहरदोईHardoi News: चलती सीएनजी कार में लगी भीषण आग, चालक ने कूदकर...

Hardoi News: चलती सीएनजी कार में लगी भीषण आग, चालक ने कूदकर बचाई जान

Hardoi News: बिलग्राम रोड पर सोमवार दोपहर एक बड़ा हादसा होते-होते टल गया, जब फर्दापुर के पास चल रही एक सीएनजी कार में अचानक आग लग गई। आग इतनी तेजी से फैली कि कुछ ही मिनटों में पूरी कार जलकर खाक हो गई। हालांकि, चालक ने समय रहते वाहन से कूदकर अपनी जान बचा ली।

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, कार में अचानक धुआं उठने लगा और देखते ही देखते आग ने विकराल रूप ले लिया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस और फायर ब्रिगेड को सूचना दी। सूचना मिलते ही दमकल की टीम मौके पर पहुंची और आग बुझाने का प्रयास शुरू किया। काफी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पाया जा सका।

शहर कोतवाल संजय त्यागी के अनुसार, जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो वहां कोई भी कार सवार मौजूद नहीं मिला। फिलहाल, पुलिस वाहन के रजिस्ट्रेशन नंबर के आधार पर चालक और मालिक की पहचान करने में जुटी हुई है।

इस दौरान सड़क पर जलती कार को देखने के लिए लोगों की भारी भीड़ जमा हो गई। कई लोग घटना का वीडियो अपने मोबाइल में कैद करते नजर आए। आग की वजह से सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतारें लग गईं, जिससे यातायात प्रभावित हुआ और यात्रियों को परेशानी उठानी पड़ी।

दमकल विभाग द्वारा आग बुझाने के बाद ही यातायात सामान्य हो सका। प्रारंभिक आशंका जताई जा रही है कि कार में आग लगने की वजह वायरिंग में शॉर्ट सर्किट हो सकती है, हालांकि इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।

Latest Hardoi News के लिए क्लिक करें..

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img
- Advertisment -

ताज़ा ख़बरें

सरकारी योजना