हरदोई: जिसका इंतजार था वह घड़ी आ गई। 1888 चयनित शिक्षक-शिक्षिकाएं आज नियुक्ति पत्र पा जाएंगे। मल्लावां की नेहा को लखनऊ में मुख्यमंत्री खुद अपने हाथों नियुक्ति पत्र देंगे। तो एनआइसी में पांच चयनितों से मुख्यमंत्री संवाद करेंगे। बाकी को जीआईसी और आरआर इंटर कॉलेज में समारोह के बीच नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। जिसकी शुक्रवार को तैयारियां चलती रहीं, सीडीओ ने बैठक कर अधिकारियों को दिशा निर्देश दिए।
परिषदीय विद्यालयों में 69 हजार भर्ती प्रक्रिया में जिले में 1888 चयनित हुए हैं
परिषदीय विद्यालयों में 69 हजार भर्ती प्रक्रिया में जिले में 1888 चयनित हुए हैं। शुक्रवार तक उन सभी की काउंसिलिग हो गई और शनिवार को नियुक्ति पत्र वितरण होगा। मुख्य विकास अधिकारी निधी गुप्ता वत्स ने विकास भवन में बैठक कर तैयारियों की समीक्षा की।
बीएसए हेमंतराव ने बताया कि मुख्यमंत्री से संवाद के लिए पांच चयनित एनआईसी में रहेंगे। वहीं जीआईसी में सांसद, विधायकों द्वारा 250 पुरुष और 250 महिलाओं को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे। मल्लावां के मोहद्दीनपुर निवासी किसान मनोज कुमार की बेटी नेहा को मुख्यमंत्री अपने हाथों से नियुक्ति पत्र देंगे। आरआर कॉलेज में 1388 को नियुक्ति पत्र दिया जाएगा, वहां पर भी मुख्यमंत्री का संबोधन सुनने का इंतजाम किया गया है। जिलाधिकारी ने दोनों ही स्थलों के नोडल अधिकारी बनाए हैं।







