Hardoi News: हरदोई जिले के सुरसा थाना क्षेत्र के भीठा गांव में संदीप ने बेटे कार्तिक के मुंडन संस्कार पर रामचरित मानस का अखंड पाठ आयोजित किया था। रविवार को विधिवत पूजा के साथ पाठ की शुरुआत हुई। सोमवार को मुंडन के बाद घर लौटने पर पाठ का विश्राम होना था, लेकिन अचानक हुई घटना से सबकुछ थम गया। चौपाइयों की जगह घर की महिलाओं का करुण क्रंदन माइकों पर गूंजने लगा।
मंदिर से लौटते समय हुआ हादसा
परिवार और रिश्तेदार सोमवार सुबह करीब 11 बजे कार्तिक का मुंडन कराने निकले थे। बाबा मंदिर में विधि-विधान से पूजन और मुंडन के बाद सभी लोग ढोलक-नगाड़ों के साथ ट्रैक्टर व पिकअप से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान मोनी अपने भाई-भाभी के साथ बाइक पर बैठ गईं, ताकि जल्दी घर पहुंचकर हवन की तैयारी कर सकें। लेकिन रास्ते में ही हादसे ने सबकुछ बदल दिया।
सीमा ने खोया इकलौता बेटा
मुंडन में शामिल होने कार्तिक की बुआ सीमा कन्नौज से आई थीं। उनके साथ तीनों बच्चे भी थे। दो बेटियों जान्हवी और मानवी के साथ उनका इकलौता बेटा बासू (9 माह) भी था। हादसे में बासू की मौत हो गई। सीमा का दर्द देख गांव के लोग भी दहल उठे। उधर, कार्तिक की मां मोनी और बहन गौरी भी इस घटना में काल के गाल में समा गईं।
- यह भी पढ़ें –
- Hardoi News: 7 साल बाद इंस्टाग्राम रील में दिखा गुमशुदा पति
- Hardoi News: एसपी का बड़ा एक्शन
- Hardoi News: महिला ने लेखपाल पर रिश्वत लेने का लगाया आरोप
मासूम बच्चों की लाशें देख दहल उठे लोग
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, हादसे में दो मासूम बच्चों समेत चार लोगों की मौत मौके पर ही हो गई। बासू और गौरी के शव सड़क पर बिखरे पड़े थे। दृश्य इतना भयावह था कि लोगों की आंखें नम हो गईं। किसी ने मासूम शवों को देखकर कहा—”अभी तो जिंदगी शुरू भी नहीं हुई थी।”
दावत के इंतजाम पर पसरा सन्नाटा
संदीप मजदूरी कर अपना परिवार पालता है। बेटे के मुंडन पर उसने रिश्तेदारों और पूरे गांव के लिए दावत रखी थी। हलवाई रविवार से ही पकवान बनाने में लगे थे। मिठाई और लड्डू तक बनकर तैयार थे। लेकिन हादसे की खबर आते ही हलवाई भी काम छोड़कर चले गए। तैयारियों से भरा आंगन सन्नाटे में बदल गया।
दुर्घटना करने वाले वाहन का चालान कई बार हो चुका था
सूत्रों के अनुसार, दुर्घटना करने वाला मैजिक वाहन बिलग्राम के हूंसेपुर निवासी मनोज कुमार नागर का है। यह वाहन मालवाहक के रूप में पंजीकृत है। इससे सवारी ढोने पर तीन बार चालान भी हो चुका था—29 जुलाई 2023, 3 मार्च 2024 और 28 सितंबर 2024 को। बावजूद इसके, लापरवाही जारी रही और यह हादसा हो गया।
कैसे हुआ हादसा
सुरसा तिराहा पर सड़क किनारे खड़े संतराम, उनकी पत्नी संगीता, बहन मोनी, भांजा बासू और बेटी गौरी को तेज रफ्तार मैजिक ने कुचल दिया। इसके बाद वाहन अनियंत्रित होकर खाई में जाकर रुका। सभी को आनन-फानन मेडिकल कॉलेज ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने पांचों को मृत घोषित कर दिया।
प्रशासन की कार्यवाही
घटना की जानकारी मिलते ही डीएम अनुनय झा और एसपी अशोक कुमार मीणा मेडिकल कॉलेज पहुंचे और परिजनों को ढांढस बंधाया। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है और चालक के खिलाफ गैर-इरादतन हत्या की धाराओं में केस दर्ज होगा। वाहन मालिक की पहचान हो चुकी है, चालक की तलाश जारी है।
- यह भी पढ़ें –
- रोहित शर्मा का जीवन परिचय







