पंचायत चुनाव 2026: उत्तर प्रदेश में त्रिस्तरीय पंचायत चुनावों की तैयारियों का आगाज़ हो चुका है। राज्य निर्वाचन आयोग ने मतदाता सूची पुनरीक्षण के लिए विस्तृत कार्यक्रम जारी किया है। इसके तहत 1 जनवरी 2025 को 18 वर्ष की आयु पूरी करने वाले सभी पात्र नागरिकों के नाम मतदाता सूची में जोड़े जाएंगे।
मतदाता गणना और ड्राफ्ट तैयार करने का कार्यक्रम
मतदाताओं की घर-घर जाकर गणना, सर्वेक्षण और हस्तलिखित ड्राफ्ट तैयार करने की प्रक्रिया 14 अगस्त से 29 सितंबर के बीच चलेगी। इसके साथ ही, ऑनलाइन आवेदन करने की सुविधा भी 14 अगस्त से 22 सितंबर तक उपलब्ध रहेगी।
ग्राम पंचायत सीमांकन और बीएलओ कार्य
किसी ग्राम पंचायत के आंशिक भाग के किसी अन्य पंचायत या नगरीय निकाय में शामिल होने की स्थिति में प्रिंटिंग, समाप्ति और नई सूची तैयार करने की प्रक्रिया 18 जुलाई से 13 अगस्त तक पूरी होगी। इसी दौरान बीएलओ और पर्यवेक्षकों को कार्य क्षेत्र का आवंटन, प्रशिक्षण और स्टेशनरी वितरण भी किया जाएगा।
ड्राफ्ट से लेकर अंतिम सूची तक की प्रक्रिया
ऑनलाइन प्राप्त आवेदनों की जांच 23 से 29 सितंबर तक होगी। इसके बाद तैयार हस्तलिखित पांडुलिपियों को 30 सितंबर से 6 अक्टूबर तक सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के कार्यालय में जमा किया जाएगा। कंप्यूटराइज्ड पांडुलिपि तैयार करने का कार्य 7 अक्टूबर से 24 नवंबर तक चलेगा।
पंचायत चुनाव: अंतिम प्रकाशन
मतदाता सूची का ड्राफ्ट 5 दिसंबर को प्रकाशित होगा। 6 से 12 दिसंबर के बीच दावे एवं आपत्तियां ली जाएंगी, जिनका निस्तारण 13 से 19 दिसंबर के बीच किया जाएगा। इनका अंतिम ड्राफ्ट 20 से 23 दिसंबर तक संबंधित कार्यालयों में जमा होगा, और मूल सूची में इनके नाम 24 दिसंबर से 8 जनवरी के बीच शामिल किए जाएंगे।
वार्ड मैपिंग और अंतिम प्रकाशन
मतदान केंद्रों और वार्डों की मैपिंग तथा अनुक्रमण का काम 9 से 14 जनवरी तक होगा। इसके बाद 15 जनवरी 2026 को अंतिम मतदाता सूची का प्रकाशन किया जाएगा।
अवकाश के दिन भी खुले रहेंगे कार्यालय
पंचायत चुनाव से पहले मतदाता सूची पुनरीक्षण की प्रक्रिया के दौरान किसी भी सार्वजनिक अवकाश पर भी संबंधित कार्यालय खुले रहेंगे। आयोग ने स्पष्ट किया है कि समयसीमा में कोई भी बढ़ोतरी नहीं की जाएगी।
यह पूरी प्रक्रिया राज्य में निष्पक्ष और पारदर्शी पंचायत चुनाव सुनिश्चित करने के लिए की जा रही है, जिसमें सभी पात्र नागरिकों को भागीदारी का अवसर दिया जाएगा।
Latest Hardoi News के लिए क्लिक करें..
- यह भी पढ़ें –
- Hardoi News: अनुनय झा बने हरदोई के नए जिलाधिकारी, जानिए उनका प्रेरणादायक सफर
- Hardoi News: पेट्रोल पंपकर्मी पर रिवॉल्वर तानने वाली युवती…







