HomeहरदोईHardoi News: पत्नी से फोन पर बात करने के बाद मजदूर ने...

Hardoi News: पत्नी से फोन पर बात करने के बाद मजदूर ने लगाई फांसी, नीम के पेड़ से लटका मिला शव

Hardoi News: बेहटा गोकुल थाना क्षेत्र के ग्राम डिघिया में शनिवार रात एक मजदूर ने घर के पीछे नीम के पेड़ पर फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। बताया जा रहा है कि घटना से कुछ समय पहले ही मृतक की अपनी पत्नी से फोन पर बातचीत हुई थी।

ग्राम डिघिया निवासी पिंकू (30) पुत्र बाबूराम ने शनिवार रात करीब 10 बजे घर के पीछे स्थित नीम के पेड़ पर गमछे के सहारे फांसी लगा ली। परिवार की सदस्य और उसकी मां बबली की नजर जब पेड़ पर लटके पिंकू पर पड़ी तो उन्होंने तत्काल इसकी जानकारी अन्य परिजनों को दी। परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।

परिजनों के अनुसार, पिंकू की शादी करीब नौ वर्ष पहले पिंकी से हुई थी। दंपती की दो बेटियां हैं। बताया गया कि करीब चार महीने पहले पिंकी अपने मायके केवलपुर, थाना पाली चली गई थी और तभी से वहीं रह रही थी। इस दौरान पिंकी की ओर से दहेज अधिनियम के तहत मुकदमा भी दर्ज कराया गया था।

मृतक के बड़े भाई रिंकू ने बताया कि शनिवार देर रात पिंकू की अपनी पत्नी से मोबाइल फोन पर बातचीत हुई थी। बातचीत के बाद ही उसने यह कदम उठाया। हालांकि, परिजनों ने घटना के पीछे की वास्तविक वजह को लेकर फिलहाल कोई स्पष्ट आरोप नहीं लगाया है।

घटना की सूचना मिलने पर बेहटा गोकुल पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई पूरी की और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

थाना प्रभारी मार्कण्डेय सिंह ने बताया कि परिजनों की सूचना पर शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस के मुताबिक, अभी तक मामले में किसी व्यक्ति के खिलाफ कोई आरोप नहीं लगाया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

Latest Hardoi News के लिए क्लिक करें..

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img
- Advertisment -

ताज़ा ख़बरें

सरकारी योजना