Homeक्राइमलखीमपुर : आज सुबह पहुंचेगा विमलेश का शव

लखीमपुर : आज सुबह पहुंचेगा विमलेश का शव

लखीमपुर : उत्तराखंड के चमोली जिले के तपोवन में ग्लेशियर फटने और ऋषि गंगा जल विद्युत परियोजना का बांध टूटने के कारण हुई तबाही में मारे गए बेलरायां के बाबूपुरवा गांव के विमलेश के शव का शनिवार की दोपहर गोपेश्वर में पोस्टमार्टम हो गया। विमलेश जलप्रलय में हुई तबाही वाले दिन से ही लापता था। करीब छह दिन बाद उसका शव तपोवन से करीब 150 किलोमीटर दूर गोपेश्वर में मिला था। जिस रोज जलप्रलय की घटना हुई उस रोज विमलेश भी तपोवन में काम कर रहा था। अनुमान लगाया जा रहा है कि जलप्रलय की ज्वार में वह बह गया और उसका शव तपोवन से 150 किलोमीटर दूर गोपेश्वर पहुंच गया।

जलप्रलय में अपनी जान बचाकर सुरक्षित बच निकले गांव बाबूपुरवा के मंगरे ने  बताया कि विमलेश का शव क्षत-विक्षत अवस्था में मिला है, कागजी कारवाई पूरी की जा रही है। वह उसके शव के साथ दोपहर करीब 2:30 बजे गोपेश्वर से बाबूपुरवा के लिए रवाना होगा। तबाही से सुरक्षित बच निकला मंगरे तबाही वाले दिन से ही तपोवन में मौजूद है और लापता अपने अन्य साथियों की तलाश कर रहा है। मंगरे के मुताबिक शव को बेलरायां के बाबूपुरवा पहुंचने में करीब 17 घंटे का समय लगेगा। संभावना जताई जा रही है कि विमलेश का शव उसके पैतृक गांव बाबूपुरवा रविवार की भोर पहर पहुंचने की संभावना है। विमलेश का शव बरामद होने की सूचना के बाद से ही विमलेश के घर गांव वालों का तांता लगा हुआ है।

जलप्रलय में लापता हुए श्रमिकों के घर पहुंचे जिलाधिकारी

शनिवार को जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह व पुलिस अधीक्षक विजय ढुल चमोली के तपोवन में लापता हुए कड़िया के मजदूर अरुण के घर पहुंचे। डीएम ने पीड़ित परिजनों से मुलाकात और उनकी समस्याएं जानी। डीएम ने पीड़ित परिवार को हर संभव मदद दिलाने का वादा किया। जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने मौके पर मौजूद उप जिलाधिकारी निघासन ओमप्रकाश गुप्ता को आवश्यक निर्देश देते हुए पीड़ित परिवार की हरसंभव सहायता करने का निर्देश दिया। चमोली में लापता हुए अरुण के परिवारीजन जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह के समक्ष फूट-फूट कर रोने लगे। डीएम ने परिजनों को ढांढस बंधाया और कहा कि सरकार और प्रशासन पीड़ित परिजनों के साथ खड़ा है। जिले से लिक अधिकारी बनाकर उत्तराखंड भेजे गए एसडीएम पलिया वहां मौजूद हैं जो लापता लोगों की तलाश में लगे हुए हैं। डीएम ने परिवारीजन को आश्वासन दिया कि पीड़ित परिवारों को सरकार की सभी योजनाओं का लाभ भी दिलाया जाएगा। डीएम ने लापता मजदूरों के परिवारों से किया हर संभव मदद का वादा

जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह व पुलिस अधीक्षक विजय ढुल लाव लश्कर के साथ चमोली में लापता चारों मजदूरों के परिजनों से मिलने तिकुनिया पहुंचे। जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने चमोली में लापता गौरीशंकर, शंकर, रामू व शेर सिंह के परिवारीजनों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं जानी। डीएम ने सभी पीड़ित परिवारों को हर संभव मदद दिलाने का वादा किया। जिलाधिकारी शैलेंद्र कुमार सिंह ने मौके पर मौजूद उप जिलाधिकारी ओमप्रकाश गुप्ता को आवश्यक निर्देश देते हुए पीड़ित परिवारों की हरसंभव सहायता करने का निर्देश दिया। 

spot_img
- Advertisment -

ताज़ा ख़बरें

सरकारी योजना