Homeहरदोईरंजिश में दो भाइयों की गोली मारकर हत्या

रंजिश में दो भाइयों की गोली मारकर हत्या

हरदोई : पाली थाना क्षेत्र के खंहरिया गांव में दीपावली की रात पुरानी रंजिश को लेकर प्रधान पति ने पुत्रों व अन्य लोगों के साथ मिलकर दो भाइयों की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना में चार अन्य लोग घायल हो गए। मृतक के पिता की तहरीर पर पुलिस ने 14 लोगों के खिलाफ एफआइआर दर्ज की है। प्रधान पति और उनके चार पुत्रों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।

खंहरिया में विजय सिंह यादव की पत्नी अनुराधा यादव ग्राम प्रधान हैं। विजय सिंह के परिवार के शंभूदयाल की 1995 में हत्या कर दी गई थी। तभी से पूर्व प्रधान नेपाल सिंह व विजय सिंह के मध्य रंजिश चल रही है। पूर्व प्रधान के परिवार के हरी सिंह ने थाने में दर्ज कराई एफआइआर में बताया कि विजय सिंह अपने पुत्र बबरशेर उर्फ आनंद, बवलेश, नाहर सिंह, केहर सिंह व नरसिंह आदि के साथ मिलकर भतीजे सुभाष और आलोक उर्फ रीशेू के साथ पड़ोसी रामपाल यादव के घर के निकट मारपीट कर रहे थे। शोर सुनकर वह अपने पुत्र सुनील कुमार, मुकेश कुमार, विशाल, अवनीश और नेपाल सिंह व अवधेश के साथ मौके पर पहुंचे। उन लोगों को देखकर विजय सिंह और उनके पुत्रों ने एकराय होकर हमला कर दिया। लाठी-डंडों से मारपीट की और फायरिग करने लगे। सुनील और मुकेश के गोली लग गई। अन्य लोग घायल हो गए। आनन-फानन सुनील और मुकेश को उपचार के लिए लखनऊ ले जाया गया, लेकिन दोनों ने दम तोड़ दिया।

एसपी अनुराग वत्स ने मौका-मुआयना किया और मृतकों से स्वजन से जानकारी ली। दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए। सुरक्षा के लिहाज से गांव में फोर्स लगा दिया गया। थाना प्रभारी विनोद गोस्वामी ने बताया कि हरीसिंह की तहरीर पर विजय सिंह के पांच पुत्रों समेत कुल 14 लोगों के खिलाफ एफआइआर दर्ज की गई है। जिसमें विजय सिंह, बबरशेर, बवलेश, नाहर सिंह व नरसिंह को गिरफ्तार कर लिया गया है।

spot_img
- Advertisment -

ताज़ा ख़बरें

सरकारी योजना