Homeहरदोईहरदोई: देवर ने फावड़ा मारकर भाभी को उतारा मौत के घाट, फिर...

हरदोई: देवर ने फावड़ा मारकर भाभी को उतारा मौत के घाट, फिर खुद का गला रेता

हरदोई :हरियावां थाना क्षेत्र के ग्राम जलालपुर में सोमवार की सुबह देवर ने संपत्ति बंटवारे के विवाद में फावड़े से भाभी की हत्या कर खुद का भी गला रेत लिया। एएसपी समेत अन्य अधिकारियों ने मौके पर पहुंच कर जांच की।

घायल हत्यारोपी का जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। हरियावां थाना क्षेत्र के ग्राम जलालपुर निवासी संगीता (32) सोमवार की सुबह घर के आंगन में झाड़ू लगा रही थी। इस बीच वहां आए देवर रामसागर (27) ने उस पर फावड़े से हमला बोल दिया।

रामसागर ने संगीता के सिर पर फावड़े से ताबड़तोड़ कई वार किए। संगीता खून से लथपथ होकर आंगन में गिर गई। इसके बाद रामसागर ने घर में ही पड़े टिनशेड में पहले कई बार अपना सिर पटका व इसके बाद धारदार हथियार से अपना गला रेत लिया।

इसके चलते वह भी खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर गया।  इधर, घटना के कुछ देर बाद खेत से लौटा संगीता का पति रामकिशोर व सास ने दोनों को खून से लथपथ हालत में पड़ा देख शोर मचाना शुरू कर दिया। शोर सुनकर पड़ोसी मौके पर आ गए।

दोनों को अस्पताल ले जाए जाने की तैयारी की जा रही थी, लेकिन तब तक संगीता ने दम तोड़ दिया। ग्रामीणों से घटना की जानकारी मिलने पर एसओ अरविंद सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंच गए। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।

घायल रामसागर को जिला अस्पताल भेजा। संगीता के पति रामकिशोर ने बताया कि उसका भाई रामसागर से मकान की भूमि के बंटवारे को लेकर विवाद चल रहा है। रविवार की रात भी काफी देर तक उसका व रामसागर का विवाद हुआ था।

बताया कि सुबह वह बच्चों व मां के साथ खेत पर गया था, इसी बीच रामसागर ने वारदात को अंजाम दे दिया। परिजनों ने बताया कि संगीता के दो बेटे हैं। इससे इतर घटना की जानकारी मिलने पर संगीता का भाई संदीप निवासी ग्राम पारा पुरवा भी मौके पर पहुंच गया।

संदीप की तहरीर पर पुलिस ने रामसागर के खिलाफ हत्या की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर ली है। घटना के बाद एएसपी पश्चिमी कपिल देव सिंह ने भी घटनास्थल पर पड़ताल की। एएसपी ने बताया कि आरोपी द्वारा संपत्ति बंटवारे के विवाद में घटना को अंजाम दिए जाने की बात सामने आई है। आरोपी का पुलिस हिरासत में इलाज कराया जा रहा है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। 

spot_img
- Advertisment -

ताज़ा ख़बरें

सरकारी योजना