HomeहरदोईHardoi News: 2 साल पुराने महिला अपहरण कांड का राज़फाश, प्रेमी ने...

Hardoi News: 2 साल पुराने महिला अपहरण कांड का राज़फाश, प्रेमी ने भाई-पिता संग मिलकर की हत्या

Hardoi News: हरदोई जिले के संडीला कोतवाली क्षेत्र में दो साल पहले हुए महिला अपहरण कांड का मंगलवार को सनसनीखेज खुलासा हुआ। पुलिस ने बताया कि महिला सोनम (30) की हत्या उसके प्रेमी मसीदुल ने अपने पिता अयूब और भाई समीदुल के साथ मिलकर की थी।

हत्या के बाद शव को माधौगंज थाना क्षेत्र के जेहदीपुर गांव में झाड़ियों से घिरे कुएं में फेंक दिया गया था। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर कुएं से सोनम का कंकाल, कपड़े, सैंडल और हेयर क्लिप बरामद किए। पिता और पुत्र को गिरफ्तार कर लिया गया है, जबकि मुख्य आरोपी मसीदुल की तलाश जारी है।

अपहरण से हत्या तक की पूरी कहानी

6 अगस्त 2023 को सोनम घर से संडीला बाजार जाने की बात कहकर निकली थी, लेकिन लौटकर नहीं आई। उसके ससुर गंगाराम ने संडीला कोतवाली में अज्ञात लोगों के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई थी। जांच के दौरान पुलिस को सोनम और मसीदुल के बीच गहरी नजदीकियों का पता चला।

पुलिस के मुताबिक, मसीदुल सोनम को दिल्ली ले गया था, लेकिन विवाद के चलते वह उसे लेकर गांव लौट आया। 8 अगस्त की रात तीनों आरोपियों ने मिलकर सोनम की गला दबाकर हत्या कर दी और शव को गांव के बाहर स्थित कुएं में फेंक दिया।

मोबाइल कॉल डिटेल से खुला राज़

मामले की विवेचना बार-बार अधिकारियों के बदलने से अटकी रही। दो साल में कुल छह विवेचक बदले गए, लेकिन कोई ठोस सुराग नहीं मिला। हाल ही में सीओ संडीला संतोष सिंह को यह केस सौंपा गया। उन्होंने सोनम और मसीदुल के मोबाइल नंबर की कॉल डिटेल खंगाली और सर्विलांस की मदद से आरोपियों तक पहुंच गए। पूछताछ में पिता और भाई ने हत्या की साजिश और वारदात की पूरी कहानी कबूल की।

कुएं से बरामद कंकाल

जेहदीपुर गांव का यह कुआं घनी झाड़ियों के बीच स्थित है, जहां अक्सर जहरीले सांप और अजगर दिखाई देते हैं। जब पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो कुएं से कंकाल निकालने से पहले वन विभाग की टीम को बुलाना पड़ा। टीम ने कुएं में मौजूद अजगर को पकड़ने के बाद पुलिस ने कंकाल बाहर निकाला।

रांग नंबर से शुरू हुई नजदीकियां

पुलिस सूत्रों के अनुसार, यह रिश्ता एक “रांग नंबर” से शुरू हुआ था। मसीदुल गलती से सोनम का नंबर डायल कर बैठा। शुरुआत में हुई छोटी बातचीत धीरे-धीरे गहरी दोस्ती में बदल गई और सोनम मसीदुल के करीब आ गई। लेकिन यह रिश्ता अंततः उसकी जान ले बैठा।

एसपी ने इस सनसनीखेज मामले का खुलासा करने वाली टीम को सम्मानित करने की घोषणा की है। वहीं, सोनम के परिजन बरामद सामान और कंकाल देखकर फफक पड़े।

Latest Hardoi News के लिए क्लिक करें..

spot_img
- Advertisment -

ताज़ा ख़बरें

सरकारी योजना