HomeहरदोईHardoi News: मोहर्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा और शांति व्यवस्था को...

Hardoi News: मोहर्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट, सुरक्षा और शांति व्यवस्था को लेकर प्रशासन की बड़ी बैठक

Hardoi News: आगामी मोहर्रम पर्व को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में शुक्रवार को स्वामी विवेकानंद सभागार में जिलाधिकारी अनुनय झा की अध्यक्षता में शांति समिति एवं कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक आयोजित की गई। बैठक में प्रशासनिक अधिकारियों, पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों, ताजियादारों तथा धर्मगुरुओं ने भाग लिया।

बैठक को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि मोहर्रम का पर्व आपसी भाईचारे, सामाजिक समरसता और धार्मिक सौहार्द का प्रतीक है। उन्होंने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए कि जुलूस मार्गों पर साफ-सफाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पेयजल उपलब्धता, बैरिकेडिंग तथा अन्य आवश्यक सुविधाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं। साथ ही विद्युत विभाग को निर्देशित किया गया कि जुलूस मार्गों पर लटक रहे ढीले तारों और अन्य संभावित खतरों को तत्काल दूर किया जाए, जिससे किसी प्रकार की अप्रिय घटना न हो।

पुलिस अधीक्षक अशोक कुमार मीणा ने कहा कि मोहर्रम के दौरान सुरक्षा व्यवस्था को लेकर विशेष सतर्कता बरती जाएगी। संवेदनशील और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में अतिरिक्त पुलिस बल की तैनाती की जाएगी तथा सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर लगातार निगरानी रखी जाएगी। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि किसी भी प्रकार की अफवाह पर विश्वास न करें और संदिग्ध गतिविधियों की जानकारी तुरंत पुलिस या प्रशासन को दें।

बैठक में मौजूद ताजियादारों और धर्मगुरुओं ने प्रशासन को पूर्ण सहयोग का भरोसा दिलाया। उन्होंने कहा कि मोहर्रम का आयोजन परंपरागत रीति-रिवाजों के अनुरूप और आपसी सद्भाव के साथ किया जाएगा।

जिलाधिकारी ने सभी विभागों को आपसी समन्वय बनाकर कार्य करने के निर्देश देते हुए कहा कि समय पर सभी व्यवस्थाएं पूरी कर ली जाएं, ताकि पर्व के दौरान किसी प्रकार की असुविधा न हो और कार्यक्रम शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो सके।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) प्रफुल्ल कुमार त्रिपाठी, सिटी मजिस्ट्रेट संजय कुमार, अपर पुलिस अधीक्षक, विभिन्न उपजिलाधिकारी तथा अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Latest Hardoi News के लिए क्लिक करें..

spot_img
- Advertisment -

ताज़ा ख़बरें

सरकारी योजना