UP Weather: उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी और लू से जूझ रहे लोगों को अब राहत मिलने के आसार हैं। बीते रविवार को प्रदेश के कई हिस्सों में हुई बारिश ने तापमान में गिरावट दर्ज कराई है और मौसम में ठंडक घोल दी है। मौसम विभाग ने संकेत दिए हैं कि आने वाले दिनों में राज्य में प्री-मानसूनी गतिविधियां तेज होंगी और 18 जून के आसपास गोरखपुर होते हुए मानसून प्रदेश में प्रवेश कर सकता है।
मौसम विभाग के अनुसार रविवार को उत्तर और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश और बौछारें दर्ज की गईं, जिससे तापमान में 1 से 3 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट आई। जबकि प्रदेश के दक्षिण-पश्चिमी हिस्सों में भी छिटपुट बारिश देखी गई। हालांकि वाराणसी 43.2 डिग्री सेल्सियस तापमान के साथ रविवार को सबसे गर्म शहर रहा, जबकि उरई का तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।
बारिश ने दी राहत, लू का प्रभाव होगा खत्म
आंचलिक मौसम विज्ञान केंद्र के वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह के मुताबिक, प्रदेश में पिछले एक सप्ताह से लू और उमस भरी गर्मी का जो सिलसिला जारी था, उसमें अब कमी आने लगी है। 16 जून के बाद से गर्मी से पूरी तरह राहत मिलने की संभावना जताई जा रही है।
मौसम विभाग ने जारी किया अलर्ट
मौसम विभाग ने सोमवार के लिए कई जिलों में मेघगर्जन, तेज हवाएं और वज्रपात का अलर्ट जारी किया है। सहारनपुर, शामली, मुजफ्फरनगर, बागपत, मेरठ, बिजनौर, अमरोहा, मुरादाबाद और रामपुर जिलों में वज्रपात और ओलावृष्टि की चेतावनी दी गई है।
इन जिलों में वज्रपात की आशंका
बांदा, चित्रकूट, कौशाम्बी, प्रयागराज, फतेहपुर, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, भदोही, हरदोई, फर्रुखाबाद, कन्नौज, कानपुर देहात, कानपुर नगर, उन्नाव, लखनऊ, बाराबंकी, रायबरेली, अमेठी, गाजियाबाद, हापुड़, गौतम बुद्ध नगर, बुलंदशहर, अलीगढ़, मथुरा, हाथरस, कासगंज, एटा, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी, इटावा, औरैया, बरेली, पीलीभीत, संभल, बदायूं, जालौन, हमीरपुर, महोबा, झांसी, ललितपुर समेत कई जिलों में वज्रपात की आशंका जताई गई है।
मानसून की दस्तक का इंतजार
प्रदेश (UP Weather) में बारिश की बढ़ती गतिविधियों को देखते हुए इसे मानसून की आहट माना जा रहा है। मौसम विभाग का अनुमान है कि 18 जून को गोरखपुर के रास्ते मानसून की औपचारिक एंट्री उत्तर प्रदेश में हो सकती है, जिससे पूरे राज्य में मौसम सुहावना हो जाएगा और खेतों के लिए भी जरूरी नमी की शुरुआत होगी।