सीतापुर: खैराबाद : दो पक्षों के बीच हुए विवाद के बाद एहतियातन कस्बे में लखनऊ, हरदोई व खीरी की पुलिस व पीएसी तैनात की गई है। जिले के कई थानाध्यक्ष भी मौजूद हैं। डीएम व एसपी ने बुधवार को कई घण्टे रुककर हालात का जायजा लिया।
जमीन की कब्जेदारी के विवाद में खैराबाद कस्बे के मोहल्ला कमाल सराय स्थित संगत में दो पक्ष आपस में भिड़ गए थे। जिसमें एक पक्ष महन्त बजरंग मुनि और उनका अंगरक्षक तथा दूसरे पक्ष से लईक सहित तीन लोग घायल हो गए थे। महन्त बजरंग मुनि और लईक पक्ष के तीनों लोगों को इलाज के लिए लखनऊ ट्रामा सेन्टर भेजा गया था। जहां सभी की हालत में सुधार है। सुरक्षा के मद्देनजर बुधवार को खैराबाद कस्बे में पुलिस और पीएसी बल बढ़ा दी गई है। लखनऊ स्थित एडीजी आफिस से एक प्लाटून पीएसी बुलाई गई है।
हरदोई और लखीमपुर से एक-एक सीओ सहित आधा दर्जन निरीक्षकों को कस्बे में लगाया गया है। डीएम विशाल भारद्वाज ने एसपी आरपी सिंह के साथ मिलकर हालात का जायजा लिया। संगत और आसपास इलाके के लोगों से बातचीत भी की गई है। डीएम का कहना है कि कस्बे में स्थितियां पूरी तरह से सामान्य है। सुरक्षा के मद्देनजर अतिरिक्त पीएसी लगाई गई है।







