Hardoi News: पिहानी से कुल्हावर घाट जाने वाला मार्ग कई दशकों से बेहद जर्जर स्थिति में है। राहगीरों और किसानों के लिए यह मार्ग अब एक गंभीर समस्या बन चुका है। भारतीय किसान यूनियन (भाकियू) ने मार्ग के पुनर्निर्माण और चौड़ीकरण की मांग करते हुए हरदोई प्रशासन को चेतावनी दी है।
भाकियू के नेताओं का कहना है कि अगर जल्द से जल्द सड़क निर्माण शुरू नहीं हुआ, तो 21 नवंबर 2024 से इस मार्ग को भारी वाहनों और गन्ना लदी ट्रकों के लिए बंद कर दिया जाएगा।
दशकों से जर्जर स्थिति, बढ़ रही दुर्घटनाएं
भाकियू के संगठन मंत्री श्यामू शुक्ला ने बताया कि यह मार्ग दशकों से जर्जर स्थिति में है। आए दिन यहां दुर्घटनाएं होती रहती हैं। 22 अगस्त 2024 को कुल्हावर घाट पर हुई किसान पंचायत में अधिशासी अभियंता ने एक महीने के भीतर सड़क निर्माण शुरू करने का आश्वासन दिया था, लेकिन दो महीने बीत जाने के बावजूद कार्य शुरू नहीं हो सका है।
- यह भी पढ़ें –
- रतन टाटा की जीवनी, शिक्षा, विवाह, नेटवर्थ, धर्म, परिवार
- सुनीता विलियम्स का जीवन परिचय, शिक्षा, करियर, रिकॉर्ड्स
गन्ना सीजन में स्थिति और गंभीर
भाकियू के लखनऊ मंडल मंत्री राहुल मिश्रा ने बताया कि इस मार्ग से सीतापुर के किसानों का करीब 80 लाख कुंटल गन्ना हरियावां शुगर मिल के लिए भेजा जाता है। गन्ना लदी ट्रकों और ट्रॉलियों के कारण सड़क की स्थिति और खराब हो गई है।
15 नवंबर 2024 को रमपुरा गांव की एक महिला गन्ना लदी ट्रक से कुचलकर दर्दनाक मौत का शिकार हो गई, जिससे क्षेत्र में आक्रोश फैल गया है।

ग्रामीणों के लिए बनी खतरनाक राह
युवा मोर्चा ब्लॉक अध्यक्ष बुद्ध प्रकाश गौतम ने बताया कि ग्रामीण इस मार्ग पर चलते समय खुद को असुरक्षित महसूस करते हैं। लोग यहां से गुजरने से पहले अपनी जान की चिंता में विवश हो जाते हैं। उनका कहना है कि प्रशासन को अब तक की लापरवाही के लिए जवाबदेह ठहराया जाना चाहिए।
9 अक्टूबर से चल रहा अनिश्चितकालीन धरना
भाकियू के नेताओं ने बताया कि 9 अक्टूबर 2024 से पिहानी थाना क्षेत्र के जतनगंज पुल पर अनिश्चितकालीन धरना प्रदर्शन जारी है। लेकिन अब तक लोक निर्माण विभाग का कोई भी अधिकारी धरना स्थल पर नहीं पहुंचा है।
21 नवंबर को बड़ा आंदोलन, मार्ग बंद करने की चेतावनी
भाकियू ने हरदोई प्रशासन को चेतावनी दी है कि अगर जल्द से जल्द इस मार्ग का निर्माण कार्य शुरू नहीं हुआ, तो 21 नवंबर 2024 से कुल्हावर घाट पर व्यापक आंदोलन किया जाएगा। इस दौरान मार्ग को पूरी तरह बंद कर दिया जाएगा।
प्रशासन की जिम्मेदारी
किसान नेताओं का कहना है कि अगर इस स्थिति से लोगों को असुविधा होती है, तो इसकी पूरी जिम्मेदारी हरदोई प्रशासन और लोक निर्माण विभाग की होगी। उन्होंने प्रशासन से अपील की है कि किसानों और राहगीरों की समस्याओं को गंभीरता से लिया जाए और सड़क निर्माण शीघ्र शुरू किया जाए।
आपको बता दें पिहानी-कुल्हावर मार्ग क्षेत्र के किसानों और राहगीरों के लिए एक प्रमुख सड़क है, लेकिन उसकी जर्जर हालत अब एक बड़ी चुनौती बन चुकी है। भाकियू ने 21 नवम्बर से आंदोलन और सड़क बंद करने की चेतावनी दी गयी है। अब देखना यह है कि प्रशासन इस चेतावनी पर क्या कार्रवाई करता है।
Latest Hardoi News के लिए क्लिक करें..
- यह भी पढ़ें –
- Hardoi News: हरदोई में दिनदहाड़े व्यापारी से लाखों की लूट
- Hardoi News: टुकड़ों में मिला 11 वर्षीय मासूम का शव
- Hardoi News: नाबालिग से अभद्रता करने वाला आरोपी गिरफ्तार







