Homeहरदोईजिलाधिकारी ने कहा वरासत अभियान का कार्यक्रम सतत रूप से चलाया जाये

जिलाधिकारी ने कहा वरासत अभियान का कार्यक्रम सतत रूप से चलाया जाये

हरदोई: जिलाधिकारी अविनाश कुमार ने बताया है कि शासन के निर्देशानुसार जनपद के समस्त ग्रामों में निर्विवाद उत्तराधिकार को खतौनी में दर्ज कराये जाने हेतु 20 मई 2022 से 20 जून 2022 तक विशेष अभियान चलाये जाने का निर्णय लेते हुये दिशा-निर्देश निर्गत किये गये हैं।

उन्होंने बताया है कि पोर्टल पर 30 मई 2022 तक दर्ज सूचनाओं की समीक्षोपरान्त यह पाया गया है कि जनपद में अभी भी दर्ज आवेदन पत्रों के सापेक्ष लेखपाल/राजस्व निरीक्षक स्तर पर लम्बित आवेदन पत्रों की संख्या अत्यधिक है तथा कठोर निर्देशों के बावजूद भी निर्विवाद वरासत के प्रकरणों का निस्तारण नहीं कराया जा रहा है।

इस सम्बन्ध में यह निर्णय लिया गया है कि सभी उप जिलाधिकारीगण तहसील स्तर से प्रत्येक बुधवार के लिये विस्तृत कार्यक्रम तैयार करें कि किस दिनांक को किस ग्राम में खतौनी पढ़ी जायेगी। सभी लेखपाल अनिवार्य रूप से प्रत्येक बुधवार को नियत कार्यक्रम के अनुसार राजस्व ग्राम में सार्वजनिक स्थल पर ग्राम के आमजनों के मध्य खतौनी को पढ़ेंगें तथा मृतक खातेदारों के वारिसानों का सत्यापन करेगें।

सत्यापन के पश्चात् उनके आवेदन पत्रों को आनलाइन करते हुये सम्बन्धित राजस्व निरीक्षक से आदेश पारित करायेगें तथा आदेश का अंकन अभिलेखों में कराकर उसी सप्ताह उद्धरण खतौनी का वितरण करायेगें राजस्व ग्राम में कार्यक्रम की सूचना पूर्व में ग्रामवासियों को लेखपाल/प्रधान/आंगनबाड़ी के माध्यम से करायी जायेगी तथा कार्यक्रम दिवस को लेखपाल अपनी जी०पी०एस० लोकेशन तहसील के व्हाट्सऐप ग्रुप पर प्रेषित करेगें। यह अभियान इसी माह के 22 जून, 2022 को पड़ने वाले बुधवार से प्रारम्भ होगा।

इस कार्यक्रम को सफल बनाने हेतु प्रत्येक बुधवार को तहसील स्तर से उप जिलाधिकारी न्यूनतम 02 राजस्व ग्राम, तहसीलदार व नायब तहसीलदार न्यूनतम 05 राजस्व ग्राम तथा राजस्व निरीक्षक अपने क्षेत्र के शत-प्रतिशत राजस्व ग्रामों का भ्रमण करेगें तथा यह सुनिश्चित करेगें कि वरासत अभियान का कार्यक्रम सतत रूप से चल रहा है।

इस कार्यक्रम का औचक निरीक्षण जनपद स्तर से कराया जायेगा, जो भी कर्मचारी/अधिकारी कार्यक्रम के अनुसार कार्य नहीं करेगा तो उसके विरूद्ध अनुशासनिक कार्यवाही की जायेगी। प्रत्येक बुधवार को पढ़ी गयी खतौनियों की सूचना का संकलन प्रारूप मे भरकर, प्रत्येक शनिवार को जिलाधिकारी कार्यालय में प्रेषित करेगें।

spot_img
- Advertisment -

ताज़ा ख़बरें

सरकारी योजना