HomeसीतापुरSitapur News: अधेड़ की गोली मारकर हत्या, प्रेम विवाह को लेकर चल...

Sitapur News: अधेड़ की गोली मारकर हत्या, प्रेम विवाह को लेकर चल रहा था विवाद

Sitapur News: सीतापुर जिले के इमलिया सुल्तानपुर थाना क्षेत्र के मातिनपुरवा गांव के पास मंगलवार देर रात एक अधेड़ व्यक्ति की गोली मारकर हत्या कर दी गई। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

पुलिस के अनुसार, क्षेत्र के एक गांव निवासी आरख बिरादरी के विजय विक्रम (48) की कथित तौर पर बदलू राठौर ने गोली मारकर हत्या कर दी। शुरुआती जांच में सामने आया है कि घटना के पीछे पारिवारिक विवाद और प्रेम विवाह की वजह बताई जा रही है।

जानकारी के मुताबिक, आरोपी बदलू की बेटी का विवाह करीब एक वर्ष पहले लखीमपुर खीरी निवासी एक युवक के साथ हुआ था। हालांकि, लगभग छह महीने पहले विजय विक्रम का पुत्र उसे अपने साथ लेकर चला गया था। बाद में दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया। इसी बात को लेकर बदलू और विजय विक्रम के परिवार के बीच लंबे समय से विवाद चल रहा था।

पुलिस का कहना है कि मंगलवार देर रात बदलू ने विजय विक्रम को मातिनपुरवा मार्ग पर अकेला पाकर गोली मार दी, जिससे उनकी मौके पर ही मौत हो गई।

इमलिया सुल्तानपुर थाना प्रभारी आशीष तिवारी ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की जांच की जा रही है।

आरोपी और मृतक दोनों का रहा है आपराधिक रिकॉर्ड

पुलिस अधीक्षक अंकुर अग्रवाल ने बताया कि मुख्य आरोपी बदलू और उसके भाई को गिरफ्तार कर लिया गया है। एसपी के अनुसार, बदलू क्षेत्र का हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं। वहीं, मृतक विजय विक्रम के खिलाफ भी पूर्व में कई मुकदमे दर्ज होने की जानकारी सामने आई है।

फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है और घटना से जुड़े अन्य पहलुओं की भी पड़ताल की जा रही है।

spot_img
- Advertisment -

ताज़ा ख़बरें

सरकारी योजना