Hardoi News: 28 सितंबर 2026। आगामी गांधी जयंती (2 अक्टूबर) के अवसर पर बच्चों को लैंगिक अपराधों से संरक्षण अधिनियम (पॉक्सो एक्ट) 2012 के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से सोमवार को कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, बावन में विधिक जागरूकता शिविर आयोजित किया गया।
यह शिविर राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण, नई दिल्ली और उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर जिला विधिक सेवा प्राधिकरण हरदोई के तत्वावधान में आयोजित हुआ। कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की अध्यक्ष एवं जनपद न्यायाधीश रीता कौशिक तथा सिविल जज सीनियर डिवीजन/प्रभारी सचिव स्मिता गोस्वामी के निर्देश और तहसील विधिक सेवा समिति सदर के सचिव/तहसीलदार सचिंद्र कुमार शुक्ला के निर्देशन में हुआ।
- यह भी पढ़ें –
- रोहित शर्मा का जीवन परिचय
बालिकाओं को शिक्षा और कानून की दी जानकारी
कार्यक्रम की अध्यक्षता एआरपी बावन राजेंद्र दीक्षित ने की। उन्होंने बालिकाओं को शिक्षा के महत्व के बारे में जानकारी देते हुए कहा कि शिक्षा बच्चों को अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है।
विद्यालय की वार्डन अशरफ रानी ने भी बालिकाओं को पॉक्सो एक्ट के प्रावधानों और शिक्षा के महत्व के बारे में जानकारी दी।
लीगल एड क्लीनिक की कीर्ति कश्यप ने पॉक्सो एक्ट 2012 के बारे में विस्तार से जानकारी देते हुए बताया कि यह कानून 18 वर्ष से कम उम्र के बच्चों को लैंगिक अपराधों से संरक्षण प्रदान करता है। उन्होंने लैंगिक शोषण, लैंगिक हमला, अश्लील सामग्री के लिए बच्चों के इस्तेमाल और बच्चों से संबंधित अश्लील सामग्री रखने जैसे अपराधों के संबंध में जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि पीड़ित बच्चे की पहचान सार्वजनिक करना, अपराध की जानकारी होने के बावजूद आवश्यक कार्रवाई न करना और झूठी शिकायत करना भी कानून के तहत अपराध हो सकता है।
चाइल्ड हेल्पलाइन और निःशुल्क कानूनी सहायता की जानकारी
शिविर में बालिकाओं को गुड टच और बैड टच के बारे में भी जागरूक किया गया। किसी परेशानी या खतरे की स्थिति में चाइल्ड हेल्पलाइन 1098 और महिलाओं से संबंधित अपराध की स्थिति में 1090 का उपयोग करने की जानकारी दी गई।
इसके साथ ही जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से उपलब्ध कराई जा रही निःशुल्क विधिक सेवाओं की जानकारी देते हुए निःशुल्क कानूनी सहायता के लिए टोल-फ्री नंबर 15100 के बारे में भी बताया गया।
नुक्कड़ नाटक के जरिए किया जागरूक
कार्यक्रम के दौरान बालिकाओं ने लैंगिक अपराधों के प्रति जागरूकता फैलाने के उद्देश्य से नुक्कड़ नाटक प्रस्तुत किया। इसके माध्यम से बच्चों को अपने अधिकारों, सुरक्षा और किसी भी असहज स्थिति में आवाज उठाने का संदेश दिया गया।
शिविर में अध्यापिकाएं सीमा देवी, भारती मिश्रा, रजनी सिंह, अंजू सिंह, रंजना सिंह, लेखाकार गीतामाला सहित विद्यालय की बड़ी संख्या में बालिकाएं उपस्थित रहीं।
Latest Hardoi News के लिए क्लिक करें..
- यह भी पढ़ें –
- Hardoi News: डीएम ने सीएचसी चौसार का किया औचक निरीक्षण
- Hardoi News: निजी अस्पताल में प्रसव के दौरान नवजात की मौत
- Hardoi News: हरदोई में ‘वंदे मातरम्’






