HomeहरदोईHardoi News: डिजिटल पेमेंट के नाम पर ठगी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह...

Hardoi News: डिजिटल पेमेंट के नाम पर ठगी करने वाले अंतरजनपदीय गिरोह का भंडाफोड़, 3 गिरफ्तार

Hardoi News: सुरसा पुलिस ने डिजिटल भुगतान के माध्यम से लोगों को ठगी का शिकार बनाने वाले एक अंतरजनपदीय गिरोह का खुलासा करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पकड़े गए आरोपियों में एक ऐसा युवक भी शामिल है, जो तकनीकी तरीकों से बैंक खातों को फ्रीज कराने और साइबर धोखाधड़ी को अंजाम देने में माहिर बताया जा रहा है।

जानकारी के अनुसार, कोतवाली शहर क्षेत्र के सिनेमा चौराहा निवासी शरद कश्यप सुरसा थाना क्षेत्र के मलिहामऊ गांव स्थित एक पेट्रोल पंप पर सेल्समैन के रूप में कार्यरत हैं। शरद ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि 25 मई को बाइक सवार दो युवक पेट्रोल पंप पर पहुंचे और अपनी मोटरसाइकिल में 600 रुपये का पेट्रोल भरवाया। इसके बाद उन्होंने क्यूआर कोड स्कैन कर गलती से 600 रुपये के बजाय 6000 रुपये भेज देने की बात कही और अतिरिक्त राशि वापस करने का अनुरोध किया।

युवकों की बात पर भरोसा कर शरद ने उन्हें कथित अतिरिक्त धनराशि लौटा दी। बाद में जब उन्होंने अपने बैंक खाते की जानकारी ली तो पता चला कि उनका खाता फ्रीज हो चुका है और उसमें किसी प्रकार का लेन-देन संभव नहीं है। मामले की सूचना मिलने पर सुरसा पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की।

उप निरीक्षक आदित्य वर्मा के नेतृत्व में की गई जांच के दौरान पुलिस ने सुरसा थाना क्षेत्र के मोहकमपुर निवासी अनुज, फर्रुखाबाद जनपद के अमृतपुर थाना क्षेत्र के गुडेरा गांव निवासी रमन कुमार तथा चपरा गांव निवासी वीरेंद्र कुशवाहा को गिरफ्तार किया।

पुलिस पूछताछ में सामने आया कि गिरोह का मुख्य संचालक वीरेंद्र कुशवाहा है, जो तकनीकी विशेषज्ञ के रूप में बैंक खातों को फ्रीज कराने और अन्य साइबर गतिविधियों को संचालित करता था। वहीं अनुज और रमन कुमार लोगों को झांसे में लेकर धोखाधड़ी की घटनाओं को अंजाम देते थे।

इस कार्रवाई में सिपाही रजनेश यादव, विपिन कुमार, शिवम, सुलखान राजपूत के साथ साइबर थाना टीम के गौरव, रोहित, हर्ष और हरेंद्र ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।

Latest Hardoi News के लिए क्लिक करें..

spot_img
- Advertisment -

ताज़ा ख़बरें

सरकारी योजना