Hardoi News:, 17 जून। प्रदेश सरकार की भ्रष्टाचार के प्रति जीरो टॉलरेंस नीति के तहत नगर विकास विभाग ने हरदोई जनपद में तैनात दो अधिशासी अधिकारियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की है। रिश्वतखोरी और वित्तीय अनियमितताओं के आरोपों को गंभीरता से लेते हुए दोनों अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर उनके विरुद्ध विभागीय जांच शुरू कर दी गई है।
स्थानीय निकाय निदेशक अनुज कुमार झा ने नगर पालिका परिषद शाहाबाद में तैनात अधिशासी अधिकारी कृष्ण कुमार सोनकर को रिश्वत लेने के आरोपों के आधार पर निलंबित करने के आदेश जारी किए हैं। यह कार्रवाई अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) एवं प्रभारी अधिकारी (स्थानीय निकाय), हरदोई तथा नगर पालिका परिषद शाहाबाद के अध्यक्ष द्वारा उपलब्ध कराई गई रिपोर्ट के आधार पर की गई है। साथ ही उनके विरुद्ध विभागीय जांच भी संस्थित कर दी गई है।
- यह भी पढ़ें –
- रोहित शर्मा का जीवन परिचय
इसी क्रम में नगर पालिका परिषद बिलग्राम के अधिशासी अधिकारी नीलाव शल्या पर भी विभाग ने कड़ा रुख अपनाया है। उनके खिलाफ एक ठेकेदार से भुगतान के बदले कथित रूप से कमीशन और रिश्वत मांगने का वीडियो वायरल हुआ था। मामले में एफआईआर दर्ज होने के बाद जिलाधिकारी हरदोई एवं संबंधित अधिकारियों की रिपोर्ट के आधार पर उन्हें भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर विभागीय कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
स्थानीय निकाय निदेशक अनुज कुमार झा ने कहा कि स्थानीय निकायों में पारदर्शिता, जवाबदेही और सुशासन सुनिश्चित करना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकताओं में शामिल है। भ्रष्टाचार, वित्तीय अनियमितता अथवा पद के दुरुपयोग के मामलों में किसी भी प्रकार की लापरवाही या संरक्षण बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश सरकार भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त रुख अपनाए हुए है। नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा तथा प्रमुख सचिव पी. गुरु प्रसाद द्वारा विभागीय कार्यों में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित करने के लिए लगातार निर्देश दिए जाते रहे हैं। इसी नीति के तहत हरदोई के दोनों मामलों में उपलब्ध तथ्यों और प्राप्त रिपोर्टों के आधार पर त्वरित कार्रवाई की गई है।
Latest Hardoi News के लिए क्लिक करें..
- यह भी पढ़ें –
- Hardoi News: मोहर्रम को लेकर प्रशासन अलर्ट
- Hardoi News: हरदोई में ‘वंदे मातरम्’ के 150 वर्ष पर भव्य आयोजन
- Hardoi News: सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की मौत







