HomeहरदोईHardoi News: मुख्यमंत्री योगी से संबंधित एक रील को शेयर करने पर कांग्रेस...

Hardoi News: मुख्यमंत्री योगी से संबंधित एक रील को शेयर करने पर कांग्रेस नेता गिरफ्तार

Hardoi News: उत्तर प्रदेश के हरदोई जिले में पुलिस ने विवादित सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर कांग्रेस नेता को गिरफ्तार किया है। इस पोस्ट में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की तस्वीर का गलत तरीके से उपयोग किया गया था। बीजेपी के नेताओं ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की, जिसके बाद पुलिस ने आईटी एक्ट के तहत मामला दर्ज किया।

सीओ शाहाबाद अनुज मिश्रा ने जानकारी देते हुए बताया कि भाजपा नेताओं की तहरीर पर कांग्रेस नेता डॉ. अजीमुश्शान के खिलाफ आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया है। मामले की जांच चल रही है और यदि अन्य लोगों की संलिप्तता पाई जाती है, तो उनकी भी एफआईआर में नाम जोड़ा जाएगा।

सीओ ने बताया कि कांग्रेस नेता डॉ. अजीमुश्शान सोमवंशी ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से संबंधित एक रील को अपने फेसबुक अकाउंट पर शेयर किया था, जिसमें एक महिला की फोटो को एडिट कर सीएम योगी का चेहरा लगाया गया था।

इस रील के वायरल होने के बाद भाजपा कार्यकर्ता सक्रिय हो गए और रात को शाहाबाद कोतवाली पहुंचकर कांग्रेस नेता के खिलाफ तहरीर दी। इसके बाद पुलिस ने डॉ. अजीमुश्शान को हिरासत में ले लिया और उनसे पूछताछ की जा रही है।

कांग्रेस नेता डॉ. अजीमुश्शान सोमवंशी शाहाबाद विधानसभा से कांग्रेस के पूर्व प्रत्याशी और वर्तमान में कांग्रेस पीसीसी के सदस्य हैं। उन्होंने शाहाबाद नगर पालिका परिषद के अध्यक्ष पद के लिए भी चुनाव लड़ा था। हाल ही में उन्होंने एक विवादित पोस्ट अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर शेयर की थी, जिससे भाजपा नेताओं और कार्यकर्ताओं में आक्रोश फैल गया।

इस घटना के चलते, मंगलवार रात कोतवाली में भाजपा नगर अध्यक्ष और पुलिसकर्मियों के बीच झड़प भी हुई। भाजपा नेता और कार्यकर्ता कोतवाली में बड़ी संख्या में जुट गए और पुलिस को उन्हें समझाने में कठिनाई का सामना करना पड़ा।

इसी बीच कुछ कांग्रेसी भी वहां पहुंच गए, जिससे भाजपा नगर अध्यक्ष अनिल पांडेय और उनके बीच भी झड़प हो गई। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए कांग्रेस नेता डॉ. अजीमुश्शान को हिरासत में लिया और रात में ही मुकदमा दर्ज कर लिया गया।

Latest Hardoi News के लिए क्लिक करें..

Pradeep Pal
Pradeep Palhttps://hdibharat.com
प्रदीप पाल, पिछले छह सालों से डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में एक्टिव हैं. इस दौरान इन्होंने अलग-अलग कई न्यूज़ पोर्टल्स पर काम किया. मूल रूप से हरदोई के रहने वाले हैं. बिजनेस के साथ ही राजनीति, शिक्षा, मनोरंजन, लाइफस्टाइल और सरकारी योजनाओं की खबरों में ख़ास रूचि है.
spot_img
- Advertisment -

ताज़ा ख़बरें

सरकारी योजना