HomeहरदोईHardoi News: प्रसूता और नवजात की मौत के बाद अस्पताल सील, संचालक...

Hardoi News: प्रसूता और नवजात की मौत के बाद अस्पताल सील, संचालक व डॉक्टर पर मुकदमा दर्ज

Hardoi News: बेहंदर। बेहंदर क्षेत्र में प्रसूता और उसके नवजात शिशु की मौत के मामले ने गंभीर रूप ले लिया है। स्वास्थ्य विभाग ने मामले में त्वरित कार्रवाई करते हुए संबंधित निजी अस्पताल को सील कर दिया है। वहीं मृतका के पिता की शिकायत पर पुलिस ने अस्पताल संचालक और संबंधित चिकित्सक के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, कासिमपुर थाना क्षेत्र के असही आजमपुर गांव निवासी मूलचंद्र अपनी गर्भवती बेटी सीमा को मंगलवार सुबह प्रसव पीड़ा होने पर बेहंदर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर पहुंचे थे। प्राथमिक जांच के बाद चिकित्सकों ने महिला की स्थिति को देखते हुए उसे जिला महिला अस्पताल रेफर कर दिया। हालांकि परिजन उसे जिला अस्पताल ले जाने के बजाय सीएचसी के निकट स्थित एक निजी अस्पताल में भर्ती करा दिया।

ऑपरेशन के बाद बिगड़ी प्रसूता की हालत

परिजनों का आरोप है कि अस्पताल में चिकित्सकों ने ऑपरेशन की सलाह दी और इसके लिए करीब 80 हजार रुपये लिए। ऑपरेशन के दौरान सीमा ने एक बेटे को जन्म दिया, लेकिन कुछ ही देर बाद उसकी तबीयत अचानक बिगड़ गई। अस्पताल में पर्याप्त चिकित्सा सुविधाएं न होने के कारण उसे संडीला के एक अस्पताल भेजा गया, जहां से भी चिकित्सकों ने जवाब दे दिया। इसके बाद परिजन उसे लखनऊ ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही सीमा की मौत हो गई। बाद में नवजात शिशु ने भी दम तोड़ दिया।

परिजनों ने किया प्रदर्शन

मां-बेटे की मौत से आक्रोशित परिजन दोनों के शव लेकर अस्पताल के बाहर पहुंच गए और सड़क पर प्रदर्शन करते हुए चिकित्सकों पर लापरवाही का आरोप लगाया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और समझाइश के बाद मामला शांत कराया।

स्वास्थ्य विभाग की जांच में सामने आईं गंभीर खामियां

घटना की सूचना मिलने पर स्वास्थ्य विभाग की जांच समिति मौके पर पहुंची। जांच समिति के सदस्य डॉ. मनोज सिंह ने अस्पताल का निरीक्षण करने के बाद उसे सील करा दिया।

डॉ. मनोज सिंह ने बताया कि अस्पताल का पंजीकरण लगभग एक वर्ष पहले समाप्त हो चुका था। संचालक ने पोर्टल पर आवेदन तो किया था, लेकिन नया पंजीकरण प्राप्त किए बिना ही अस्पताल का संचालन जारी रखा गया। प्रारंभिक जांच में यह भी सामने आया कि प्रसूता गंभीर एनीमिया से पीड़ित थी, बावजूद इसके आवश्यक रक्त की व्यवस्था किए बिना उसका ऑपरेशन कर दिया गया, जिससे उसकी जान चली गई। मामले की विस्तृत जांच जारी है।

अस्पताल संचालक और चिकित्सक पर एफआईआर

मृतका के पिता की तहरीर के आधार पर पुलिस ने अस्पताल संचालक योगेंद्रनाथ और संबंधित चिकित्सक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। अतिरिक्त निरीक्षक प्रेमपाल ने बताया कि सभी पहलुओं की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

Latest Hardoi News के लिए क्लिक करें..

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

spot_img
- Advertisment -

ताज़ा ख़बरें

सरकारी योजना