Education Township : इसके लिए अमेरिका जैसेे देशों की तर्ज पर प्रदेश में एजुकेशन टाउनशिप विकसित की जाएगी। सबसे बड़ी बात यह है कि देश में पहली ऐसी टाउनशिप यूपी में खुलेगी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के निर्देश पर इस प्रस्ताव का मुख्य सचिव के सामने प्रस्तुतीकरण भी हो चुका है।
सीएम ने प्रस्ताव पर मुहर भी लगा दी है। सीएम ने प्रदेश में ऐसी पांच टाउनशिप विकसित करने का निर्देश दिया है। जल्द ही यह प्रस्ताव धरातल पर आकार लेगा।
यह भी पढ़े: UP News: यूजीसी के पूर्व चेयरमैन प्रो धीरेन्द्र पाल सिंह बने, CM योगी के शिक्षा सलाहकार
प्रदेश की अर्थव्यवस्था को एक ट्रिलियन डॉलर बनाने के लिए सलाहकार कंपनी डेलाइट इंडिया के प्रतिनिधियों के साथ हुई बैठक में मुख्यमंत्री ने इस संबंध में वृहद कार्य योजना बनाने के निर्देश दिए थे। अधिकारियों के अनुसार प्रस्तावित टाउनशिप ‘सिंगल एंट्री, मल्टीपल एग्जिट’ यानी ‘कोरे कागज की तरह आइए… कई हुनर लेकर जाइए’ के विचार पर है। टाउनशिप का फोकस उच्च श्रेणी की शिक्षा पर रहेगा, जो देश ही नहीं बल्कि अफ्रीकी, लैटिन अमेरिकी और मध्य एशियाई देशों के छात्रों को भी आकर्षित करेगी।
एजुकेशन टाउनशिप में क्या क्या होगा
- एजुकेशन टाउनशिप में निजी क्षेत्र की भूमिका महत्वपूर्ण होगी। देश और दुनिया के प्रतिष्ठित सरकारी और निजी विश्वविद्यालय इसमें अपना कैंपस खोल सकेंगे।
- अटल आवासीय विद्यालय जैसे प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालय भी होंगे। स्नातक व परास्नातक की पढ़ाई के लिए विश्वविद्यालय और कॉलेज की स्थापना होगी। मैनेजमेंट, तकनीक, विधि व मेडिकल से जुड़े पाठ्यक्रमों की पढ़ाई व रिसर्च आदि होंगे।
- कौशल विकास के लिए स्किल विश्वविद्यालय भी होगा। छात्रों को सस्ती और अच्छी शिक्षा मिलेगी। पढ़ाई के बाद नौकरी या स्वरोजगार शुरू करने में काफी आसानी होगी।
प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी के लिए होंगे कोचिंग संस्थान
एजुकेशन टाउनशिप में अभ्युदय जैसे कई अन्य कोचिंग संस्थान भी शुरू किए जाएंगे। इनके जरिए नीट, आईआईटी, संघ लोक सेवा आयोग जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कराई जाएगी। टाउनशिप में ही छात्रों और अध्यापकों के लिए आवास की भी व्यवस्था होगी।
विकसित देशों में है ऐसी व्यवस्था
अमेरिका के पीट्सबर्ग शहर, संयुक्त अरब अमीरात के दुबई में नॉलेज सिटी और शारजाह के नॉलेज विलेज में ऐसी व्यवस्था है जहां दुनिया के कई देशों के प्रतिष्ठित विश्वविद्यालयों के कैंपस हैं।