HomeदेशMumbai Ferry Tragedy: मुंबई तट पर नौसेना पोत और नौका की टक्कर,...

Mumbai Ferry Tragedy: मुंबई तट पर नौसेना पोत और नौका की टक्कर, 13 की मौत, 101 लोग बचाए गए

Mumbai Ferry Tragedy: महाराष्ट्र के मुंबई तट पर बुधवार को एक भीषण हादसे में नौसेना के पोत और एक नौका की टक्कर में 13 लोगों की मौत हो गई, जबकि 101 लोगों को सुरक्षित बचा लिया गया। यह दुर्घटना करंजा के पास उस समय हुई जब नौसेना का पोत इंजन परीक्षण के लिए जा रहा था। शाम करीब चार बजे पोत ने नियंत्रण खो दिया और गेटवे ऑफ इंडिया से एलीफेंटा द्वीप जा रही नीलकमल नामक नौका से टकरा गया।

तटरक्षक बल और समुद्री पुलिस ने संभाला मोर्चा

घटना के तुरंत बाद नौसेना, तटरक्षक बल और समुद्री पुलिस ने बचाव अभियान शुरू किया। चार नौसेना हेलीकॉप्टर, नौसेना की 11 नौकाएं, तटरक्षक बल की एक नौका और समुद्री पुलिस की तीन नौकाएं राहत कार्य में जुटीं। घायलों को आसपास की जेटी पर पहुंचाकर अस्पतालों में भर्ती कराया गया।

मृतकों में नौसेना का एक कर्मचारी भी शामिल

हादसे में 13 लोगों की मौत हो गई, जिनमें नौसेना का एक कर्मचारी महेंद्र सिंह शेखावत और मूल उपकरण निर्माता (ओईएम) के दो कर्मचारी शामिल हैं। मृतकों में दो महिलाओं और एक पुरुष की पहचान नहीं हो पाई है।

रक्षा मंत्री और पीएम ने जताया दुख

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने इस त्रासदी पर गहरा दुख जताते हुए कहा कि घायल लोगों का इलाज तेजी से किया जा रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी हादसे को दुखद बताते हुए शोक संतप्त परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। पीएम ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से मृतकों के परिजनों के लिए दो लाख रुपये और घायलों को 50,000 रुपये की अनुग्रह राशि देने की घोषणा की।

गेटवे ऑफ इंडिया पर नौका सेवाएं निलंबित

इस हादसे के बाद गेटवे ऑफ इंडिया पर पर्यटकों के प्रवेश पर रोक लगा दी गई और नौका सेवाओं को अस्थायी रूप से निलंबित कर दिया गया। हालांकि, मुंबई-अलीबाग नाव सेवाएं शाम तक जारी रहीं।

कोलाबा पुलिस थाने में घटना के लिए जिम्मेदार नौका चालक और अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई है। शिकायतकर्ता नाथाराम चौधरी की ओर से यह मामला दर्ज कराया गया है।

Latest Shahjahanpur News के लिए क्लिक करें..

Pradeep Pal
Pradeep Palhttps://hdibharat.com
प्रदीप पाल, पिछले छह सालों से डिजिटल मीडिया इंडस्ट्री में एक्टिव हैं. इस दौरान इन्होंने अलग-अलग कई न्यूज़ पोर्टल्स पर काम किया. मूल रूप से हरदोई के रहने वाले हैं. बिजनेस के साथ ही राजनीति, शिक्षा, मनोरंजन, लाइफस्टाइल और सरकारी योजनाओं की खबरों में ख़ास रूचि है.
spot_img
- Advertisment -

ताज़ा ख़बरें

सरकारी योजना