Hardoi News: हरदोई में गुरुवार को कांग्रेस और भारतीय जनता पार्टी (बीजेपी) के कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़प हो गई। यह विवाद तब भड़का, जब बीजेपी नेता कांग्रेस कार्यालय के बाहर विरोध प्रदर्शन करने पहुंचे। स्थिति इतनी तनावपूर्ण हो गई कि पुलिस को हस्तक्षेप कर हालात पर काबू पाने में कड़ी मशक्कत करनी पड़ी।
राहुल गांधी के मामले पर प्रदर्शन
बीजेपी नेताओं ने संसद में राहुल गांधी से जुड़े कथित विवाद को लेकर कांग्रेस कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। वहीं, कांग्रेस के नेता भी पूरी तैयारी के साथ विरोध का सामना करने के लिए बाहर आ गए। उन्होंने हाथों में प्लास्टिक पाइप लेकर बीजेपी कार्यकर्ताओं का सामना किया, जिससे दोनों गुटों के बीच धक्का-मुक्की और झड़प शुरू हो गई।
कांग्रेस का आरोप: जानलेवा हमला
कांग्रेस नेता आशीष सिंह ने गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि बीजेपी कार्यकर्ताओं ने कांग्रेस कार्यालय में घुसकर जानलेवा हमला किया। उन्होंने प्रशासन पर पक्षपात का आरोप लगाते हुए कहा कि यह घटना प्रशासन की जानकारी में हुई। सिंह ने कहा, “कांग्रेस ऐसे हमलों से डरने वाली नहीं है और हम इसका सख्ती से विरोध करेंगे।”
कांग्रेस पार्टी झूठ की सौदागर है- भाजपा जिलाध्यक्ष
कांग्रेस कार्यालय पर हुए प्रदर्शन पर भाजपा जिलाध्यक्ष अजीत सिंह बब्बन ने प्रतिक्रिया देते हुए कहा भाजपा युवामोर्चा कार्यकताओं ने कांग्रेस कार्यालय के बाहर जोरदार प्रदर्शन कर रहे थे, कांग्रेस जिलाध्यक्ष और कांग्रेस नेताओं के हाथों में डंडे थे, भाजपा कार्यकर्ता निहत्थे थे और उनके पास कोई डंडा नहीं था, वह शांतिपूर्ण प्रदर्शन कर रहे थे.
कांग्रेस पार्टी झूठ बोल रही है, कोई भी पार्टी का कार्यकर्ता कांग्रेस कार्यालय के अन्दर नहीं गया, पुलिस भी वहां मौजूद थी, मारपीट करने के लिए कांग्रेस पार्टी के नेता उतारू थे, भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि कांग्रेस पार्टी झूठ की सौदागर है और हमेशा झूठ बोलने का काम करती है।
पुलिस ने किया हस्तक्षेप
घटना के दौरान पुलिस ने बीच-बचाव करते हुए दोनों पक्षों को अलग करने की कोशिश की। काफी प्रयासों के बाद स्थिति को नियंत्रित किया जा सका। इसके बाद बीजेपी नेताओं ने प्रदर्शन स्थल को छोड़कर नेघेटा रोड की ओर रुख किया। पुलिस प्रशासन ने शहर में शांति बनाए रखने के लिए दोनों पक्षों को तितर-बितर किया और किसी भी अप्रिय घटना से बचने के लिए सतर्कता बरती।
पुलिस ने दोनों राजनीतिक दलों से संयम बरतने और शहर में शांति बनाए रखने की अपील की है। साथ ही, मामले की जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
हरदोई में इस घटना ने राजनीतिक तापमान बढ़ा दिया है, और अब सभी की नजरें प्रशासन की जांच रिपोर्ट पर टिकी हैं।
Latest Hardoi News के लिए क्लिक करें..
- यह भी पढ़ें –
- Hardoi News: डिजिटल दुष्कर्मी को आजीवन कारावास
- Hardoi News: चकबंदी विवाद को लेकर डीएम और किसान..
- Hardoi News: ज्वैलर्स की दुकान में में चोरी करने …