होमहरदोईब्रह्मांड के ग्रह-नक्षत्रों के रहस्य समझाएगी नक्षत्र वाटिका

ब्रह्मांड के ग्रह-नक्षत्रों के रहस्य समझाएगी नक्षत्र वाटिका

spot_img

उज्जैन,  काल गणना के मुख्य केंद्र माने जाने वाले मध्य प्रदेश के उज्जैन में अब ब्रह्मांड के रहस्य समझे जा सकेंगे। दरअसल, यहां स्थित प्राचीन जीवाजी वेधशाला (जंतर-मंतर) में ‘नक्षत्र वाटिका‘ बनाई जा रही है। एक ऐसी वाटिका, जिसमें सूर्य सहित सभी आठ प्रमुख ग्रहों, 12 राशियों और 27 नक्षत्रों के स्थायी मॉडल जमीन पर बनाए जा रहे हैं। इन ग्रहों का परिक्रमण पथ, स्टार ग्लोब और व‌र्ल्ड क्लॉक भी बनाई जा रहा है।

ग्रहों के आकार, राशियों और नक्षत्रों के संबंधों को आसानी से समझ सकेंगे लोग

वाटिका को देखकर लोग ग्रहों के आकार, राशियों और नक्षत्रों के संबंधों को आसानी से समझ सकेंगे। साथ ही उनसे जुड़े रहस्य जान सकेंगे। बता दें कि उज्जैन में जीवाजी वेधशाला का निर्माण मालवा के गवर्नर रहे महाराजा सवाई जयसिंह द्वितीय ने सन् 1719 में कराया था। इसके बाद दिल्ली, जयपुर, मथुरा और वाराणसी में भी वेधशाला का निर्माण कराया गया।

सवाई जयसिंह ने कालगणना के लिए सभी वेधशालाओं में सम्राट यंत्र, नाड़ी विलय यंत्र, भित्ति यंत्र, दिगंश यंत्र का निर्माण कराया था। चूंकि उज्जैन से कर्क रेखा भी गुजरती है, इसलिए सवाई जयसिंह ने यहां तो स्वयं आकर भी अध्ययन किया था। इसके बाद करीब 200 वर्षों तक उज्जैन की वेधशाला उपेक्षित रही। 1923 में इसका फिर से उद्धार हुआ। तब से वेधशाला निरंतर कार्य कर रही है।

पहली बार उज्जैन में इस तरह का मॉडल

जीवाजी वेधशाला के अधीक्षक राजेंद्र प्रसाद गुप्ता का कहना है कि वाटिका के माध्यम से आठ ग्रहों- सूर्य, चंद्रमा, मंगल, बुध, गुरु, शुक्र, शनि, पृथ्वी के बारे में लोग आसानी से समझ सकेंगे। ग्रहों के राशि परिवर्तन, परिक्रमण काल के बारे में विस्तृत जानकारियां मॉडल के जरिए मिलेंगी। गुप्ता के अनुसार अब तक उज्जैन सहित देश की किसी भी वेधशाला में प्रायोगिक रूप से ग्रह-नक्षत्र और राशियों के संबंध को बताने के लिए कोई इस तरह का कोई मॉडल नहीं था।

अगले साल जनवरी माह तक बनकर तैयार हो जाएगी नक्षत्र वाटिका

वेधशाला में नक्षत्र वाटिका वन विभाग द्वारा तैयार की जा रही है। इसके लिए करीब 30 लाख रुपये खर्च किए गए हैं। निर्माण कार्य पूर्णता की ओर है। अधीक्षक गुप्ता के अनुसार यह अगले साल जनवरी माह तक बनकर तैयार हो जाएगी। इसके बाद आम लोगों के लिए इसे खोला जाएगा।

spot_img
- Advertisment -

ताज़ा ख़बरें